श्रीनगर।। जम्मू-कश्मीर में बारिश और सैलाब कहर बरपा रहा है। पिछले दो दिन से रुकी बारिश मंगलवार रात से फिर शुरु हो गई। आज सुबह से भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है। फिलहाल झेलम का जलस्तर घटकर 12 फीट पर पहुंच गया है, लेकिन अगर दिन भर बारिश होती रही तो इसके और बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की आशंका जताई है जिससे हालात और बिगड़ सकते है। बारिश, भूस्खलन और सैलाब से अब तक 17 लोगों की जान जाने की खबर है। सरकार ने सोपियां, बांदीपुरा और बारामूला में लोगों को आगाह किया है कि यहां पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो सकता है। लोगों को एहतियात बरतने की हिदायत दी गई है, जबकि कुपवाड़ा, अनंतनाग और कुलगाम में हिमस्खलन की चेतावनी दी गई है। फिलहाल सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और NDRF की टीम बचाव अभियान में जुटी हुई है। मुश्किल में फंसे लोगों को निकाला जा रहा है, इसके अलावा लोगों को मुश्किल हालात से निपटने की ट्रेनिंग भी दी जा रही है इससे पहले केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी जम्मू कश्मीर का दौरा कर चुके हैं, उन्होंने मंगलवार को हालात का जायजा लेकर पीएम को भी अपनी रिपोर्ट सौंपी।

No comments:
Post a Comment